डॉ. एसपीएम सिविक सेंटर में एमसीडी ने किया आयोजन
महापौर ने गांधी जी की प्रतिमा पर चढ़ाई माला, चलाया चरखा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एमसीडी ने महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को डॉ. एसपीएम सिविक सेंटर में गांधी जयंती मेला आयोजित किया। मेले का उद्घाटन महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने किया। इस दौरान महापौर ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माला चढ़ाई और चरखा चलाया।
महापौर ने मेले के आयोजन में लगे सामुदायिक सेवा विभाग और निगम के अधिकारियों की सराहना की। महापौर ने कहा कि यह मेला सिर्फ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सेवा के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प है।
महापौर ने मेले में लगे विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और प्रदर्शित उत्पादों तथा सेवाओं की जानकारी ली। मेले में विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संस्थाओं ने भाग लिया, जहां उन्होंने गांधी जी के जीवन और उनके आदर्शों पर आधारित विभिन्न गतिविधियों, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया।
वहीं, बच्चों और युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें चरखा चलाना, चित्रकला, निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं शामिल थीं।