अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाॅयड (एएटीएस) ने करावल नगर के शिव विहार में मिलावटी देसी घी बनाने वाली अवैध फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 221.550 किलोग्राम मिलावटी घी बरामद कर मोहम्मद समीर (22) को गिरफ्तार किया है। फैक्टरी से घी बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि 28 अक्तूबर को एएटीएस टीम को शिव विहार फेस-10 की गली नंबर-22 में मिलावटी घी बनाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान 11 टिन और एक ड्रम में रखा मिलावटी घी बरामद हुआ। इसके अलावा दो गैस चूल्हे, एक एलपीजी सिलिंडर, रिफाइंड तेल के दो खाली टिन, वजन करने की मशीन, बड़े बर्तन और नापने वाले कप भी मिले।
पुलिस ने करावल नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद घी को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि उसमें इस्तेमाल किए गए पदार्थों का पता चल सके। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घी की सप्लाई के ठिकानों और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।