बचपन में रेटिनोब्लास्टोमा को मात देने वाली मरीज के टिबिया में मिला कैंसर का दुर्लभ प्रसार
कीमोथेरेपी और स्टेम सेल ट्रांसप्लांट बेअसर रहने पर एम्स के डॉक्टरों ने अपनाई सटीक रेडिएशन तकनीक
सिमरन
नई दिल्ली। कैंसर को मात देने के बाद दस साल तक सामान्य जिंदगी जी रही एक मरीज के लिए बीमारी ने फिर मुश्किल खड़ी कर दी। बचपन में दोनों आंखों में रेटिनोब्लास्टोमा (रेटिना का कैंसर) से जूझ चुकी इस मरीज की पैर की हड्डी में करीब एक दशक बाद कैंसर का नया घाव मिला। बीमारी की यह वापसी इसलिए भी असामान्य थी, क्योंकि इतने लंबे समय तक मरीज रोगमुक्त रही थी। एम्स, नई दिल्ली के डॉक्टरों ने जांच के बाद इसे मेटास्टेटिक रेटिनोब्लास्टोमा बताया। इलाज के पारंपरिक विकल्पों से अपेक्षित फायदा नहीं मिलने पर रेडियोथेरेपी की मदद ली गई, जिससे कैंसर की सक्रियता खत्म करने में सफलता मिली और मरीज की टांग की कार्यक्षमता भी बची रही।
एम्स की डॉ. दया शर्मा के अनुसार, मरीज को बचपन में दोनों आंखों में कैंसर का पता चला था। इसके बाद एन्यूक्लिएशन यानी प्रभावित आंख को सर्जरी से निकालने और पूरे शरीर पर असर करने वाली कीमोथेरेपी समेत कई उपचार किए गए। इलाज के बाद बीमारी नियंत्रित हो गई और मरीज लगभग दस साल तक कैंसर से मुक्त रही। इस दौरान दोबारा कैंसर सामने नहीं आया।
टिबिया में मिला कैंसर का अकेला घाव
लंबे अंतराल के बाद मरीज की पैर की निचली हड्डी टिबिया में एक अकेला घाव मिला। विस्तृत जांच और परीक्षणों से स्पष्ट हुआ कि यह कोई सामान्य हड्डी का ट्यूमर नहीं, बल्कि पुराने रेटिनोब्लास्टोमा का मेटास्टेसिस था। यानी आंख में शुरू हुआ कैंसर शरीर के दूसरे हिस्से तक पहुंच चुका था।
कीमोथेरेपी और ट्रांसप्लांट से नहीं बनी बात
डॉ. रचना सेठ के मुताबिक, कैंसर की पुष्टि होने के बाद मरीज को कीमोथेरेपी के साथ ऑटोलॉगस स्टेम सेल ट्रांसप्लांट किया गया। इसमें मरीज की अपनी स्टेम कोशिकाओं का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, इन दोनों उपचारों के बावजूद बीमारी पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं मिल सका। ऐसे में डॉक्टरों ने उपचार की रणनीति बदली और टिबिया में मौजूद ट्यूमर पर सटीक रेडियोथेरेपी देने का फैसला किया। इसमें मशीन की मदद से थ्रीडी तकनीक के जरिए विकिरण को कैंसरग्रस्त हिस्से पर केंद्रित किया गया। इसका उद्देश्य ट्यूमर को नष्ट करने के साथ आसपास के स्वस्थ ऊतकों को कम से कम नुकसान पहुंचाना था।
दो साल की निगरानी में नहीं दिखी बीमारी
डॉ. भावना चावला के अनुसार, रेडियोथेरेपी के बाद जांच में रोगमुक्ति की पुष्टि हुई। 12 महीने और दो साल के फॉलोअप इमेजिंग जांच में भी कैंसर की सक्रियता के संकेत नहीं मिले। मरीज के पैर की कार्यक्षमता सुरक्षित रही और जीवन की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया।