-शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर, निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
-डिजिटल सुविधाओं के लिए चुनिंदा कॉलेजों में शुरू होगी पायलट परियोजना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार अपने 12 पूर्ण वित्तपोषित कॉलेजों में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत नए भवन और छात्रावास बनाए जाएंगे, साथ ही खेल बजट को पांच गुना बढ़ाने का प्रस्ताव है। प्रति कॉलेज खेल बजट एक लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने पर विचार किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद की अध्यक्षता में हाल ही में दिल्ली सचिवालय में एक बैठक हुई। इसमें दिल्ली सरकार से वित्तपोषित सभी 12 कॉलेजों के प्राचार्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में बजट के इस्तेमाल, निर्माण कार्यों और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने पर चर्चा हुई। मंत्री ने कॉलेजों को आवंटित बजट का समय पर और सही तरीके से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। जिन कॉलेजों ने उपयोगिता प्रमाणपत्र जमा नहीं किए हैं, उन्हें जल्द से जल्द ये दस्तावेज जमा करने होंगे। बजट से जुड़ी लंबित प्रक्रियाओं को भी तेजी से पूरा करने को कहा गया। कॉलेजों में खेल प्रशिक्षण को बेहतर बनाने के लिए निजी खेल अकादमियों की मदद लेने पर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूलों में निजी अकादमियों की भागीदारी की जांच के बाद इसे उच्च शिक्षा संस्थानों में भी लागू किया जा सकता है।
भवन निर्माण और दीर्घकालिक योजनाएं
कॉलेजों में नए भवन और छात्रावास मास्टर प्लान 2041 के अनुसार बनाए जाएंगे। कॉलेजों को अगले 20 वर्षों में विद्यार्थियों की संभावित बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाएं बनानी होंगी। कॉलेजों के प्रशासनिक कामकाज को आसान बनाने के लिए पायलट परियोजना शुरू होगी। कुछ चुनिंदा संस्थानों में एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्राचार्यों से सुझाव मांगे गए हैं।