परीक्षा केंद्र पर मौजूद सुरक्षाकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा के बाद इलाके के सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में तीसरी से नौवीं व ग्यारहवीं की स्थगित की गई परीक्षाओं के लिए नई तिथियां जारी की गई हैं।
उत्तर पूर्वी दिल्ली व पूर्वी दिल्ली के इलाकों में 11 मार्च से परीक्षाएं शुरू होंगी। ग्यारहवीं की परीक्षाएं 27 मार्च को समाप्त होंगी जबकि सातवीं से नौवीं की परीक्षाएं 24 मार्च को व तीसरी, चौथी व छठी कक्षा की परीक्षाएं 21 मार्च को समाप्त होंगी। मालूम हो कि हिंसा के कारण दिल्ली सरकार ने 25 फरवरी से सात मार्च तक के लिए वार्षिक परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं।
शिक्षा निदेशालय की ओर से नई तिथियों की जानकारी स्कूलों को भेज दी गई है। दरअसल हिंसा के कारण सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में काफी बच्चे परीक्षाएं नहीं दे पाए थे। वहीं निदेशालय ने भी परीक्षा स्थगित कर दी थी। ऐसे में निदेशालय ने अब इन इलाकों में रहने वाले बच्चों के लिए दोबारा से परीक्षाएं आयोजित करने का फैसला किया।
निदेशालय ने स्कूल प्रिंसिपल को ऐसे बच्चों की पहचान करने और उनके नामों की सूची सात मार्च तक भेजने को कहा है। स्कूल प्राचार्यों को कहा गया है कि दोबारा परीक्षा आयोजित करने की जानकारी, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी, पीटीएम, फोन व एसएमएस के माध्यम से बच्चों व अभिभावकों तक पहुुंचाई जाए जिससे बच्चे परीक्षा देने से चूक ना जाएं।