मथुरा में 126 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व सीईओ व सेवानिवृत्त आईएएस पीसी गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को मध्यप्रदेश के दतिया स्थित प्राचीन मां पीतांबरा देवी मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया है।
यमुना प्राधिकरण में मथुरा में मास्टर प्लान से अलग जमीन खरीद के मामले में हुए 126 करोड़ के घोटाले में 2 जून को कासना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इस केस में यमुना प्राधिकरण के पूर्व सीईओ पीसी गुप्ता समेत 21 लोगों को नामजद कराया गया था।
जांच में इस केस में कई अन्य आरोपियों के नाम और कुछ और घोटाले सामने आ रहे थे। पुलिस के इस मामले में एक भी आरोपी के गिरफ्तार न किए जाने से आला अधिकारियों ने शासन से भी जल्द कार्रवाई की मांग की थी।
अमर उजाला ने दो दिन पहले ही मामले के सीएम योगी दरबार पहुंचने का समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद लखनऊ से मिले निर्देश के बाद पुलिस दो दिन पहले एक बार फिर अलर्ट हो गई थी।