दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर की लॉ डिग्री आखिरकार निरस्त कर दी गई। तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के अनुशासनात्मक समिति ने शुक्रवार को दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर की लॉ डिग्री को निरस्त करने का निर्णय लिया।
अनुशासन समिति की बैठक में हुए निर्णय के बाद अब तोमर की डिग्री अवैध हो गई है। इस बारे में अब औपचारिकताएं ही शेष हैं। विश्वविद्यालय अपने निर्णय से बार कौंसिल को भी अवगत कराएगा, जिसके बाद तोमर का वकील का लाइसेंस भी रद्द होगा।
अनुशासनात्मक समिति की शुक्रवार को चार घंटे तक चली बैठक में न केवल तोमर की डिग्री को रद्द करने पर मुहर लगी, बल्कि इस मामले में जुड़े 14 कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की है।
विश्वविद्यालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि बैठक में फर्जी डिग्री जारी करने के मामले में चिह्नित 14 कर्मियों पर भी कार्रवाई का फैसला ले लिया गया है। इसके साथ ही मुंगेर के विश्वनाथ सिंह विधि महाविद्यालय के तत्कालीन प्राचार्य से भी जवाब तलब किया गया है।