अपनी अधिक आय के चलते अगर आप गरीब वर्ग के आशियानें की योजनाओं में आवेदन नहीं कर पा रहे हैं तो एक अच्छी खबर है। अब एक लाख रुपये तक की आय वाले लोग आवास विकास परिषद की ईडब्ल्यूएस योजनाओं में आवेदन कर सकेंगे।
परिषद ने अपने मानकों में बदलाव करते हुए आय सीमा 40 हजार रुपये बढ़ा दी है। पिछले करीब 5 सालों से आवास विकास परिषद की ईडब्ल्यूएस योजनाओं में 60 हजार रुपये प्रतिवर्ष कमाने वाले लोग ही आवेदन कर सकते थे।
यह भी पढ़ें: LS चुनाव की अधिसूचना से लटकेंगे कई प्रोजेक्ट
आय सीमा कम होने के चलते बेहद कम लोगों को ही मौका मिलता था। इसके चलते ही सिद्धार्थ विहार योजना की ईडब्ल्यूएस योजना के करीब दो हजार फ्लैटों के लिए सिर्फ नौ हजार आवेदन आए थे।
आवास आयुक्त एमकेएस सुंदरम ने बताया कि महंगाई बढ़ने के साथ ही लोगों की आय में भी बढ़ोत्तरी हुई है। जिसके चलते मानकों के अनुसार आय सीमा को बढ़ाया गया है। आगामी योजनाओं में एक लाख रुपये आय वर्ग वाले लोग योजनाओं में आवेदन कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: अब नहीं रुकेगा 33 रेस्टोरेंट बनाने का काम!
आवास विकास की 2700 एकड़ की दिल्ली सहारनपुर योजना में ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की स्कीम जल्द ही लांच की जानी है। इस स्कीम में आवेदन करने वाले लोगों को सबसे पहले आय सीमा बढ़ने का लाभ मिलेगा।
इसके बाद परिषद की करीब 300 एकड़ की अजंतापुरम योजना की ईडब्ल्यूएस योजना में भी एक लाख रुपये वाले आवेदन कर सकेंगे।