लॉकडाउन के बीच अमर उजाला फाउंडेशन की प्रेरणा से जरूरतमंदों को राशन वितरण का सिलसिला जारी है। फाउंडेशन के साथ प्रमुख संस्थाओं ने इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाया है और आगे भी निभाने का प्रण लिया है। इस क्रम में बृहस्पतिवार को भी विभिन्न शहरों व ग्रामीण इलाकों में गरीबों को राशन व अन्य जरूरत की चीजें वितरित की गईं।
गाजियाबाद में बृहस्पतिवार को गाजियाबाद केमिस्ट एसोसिएशन, महाराजा अग्रसेन रसोई, परमार्थ समिति, गाजियाबाद बिल्डर एसोसिएशन, अन्न पात्र संस्था के साथ लोगों तक भोजन और राशन पहुंचाया गया। कोरोना में दिन रात ड्यूटी कर लोगों को भी भोजन का लाभ मिल रहा है।
कानपुर व उन्नाव में फाउंडेशन की पहल पर विभिन्न समाजसेवी संगठनों ने जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया। इटावा में आलोक फाउंडेशन की अध्यक्ष सरोज पाल ने जरूरतमंदों को राशन बांटा। उदी में भाजपाइयों ने मजदूरों को राशन बांटा। समाजसेवी कपिल गुप्ता ने भी दिव्यांगों को राशन दिया। इसके साथ पक्का तालाब स्थित प्रेस क्लब भवन पर समाचार पत्र वितरकों को भी राशन बांटा गया।
भिवानी में लॉकडाउन के पिछले एक माह से हजारों प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंदों तक खाने के पैकेट पहुंचा रहे अमर उजाला फाउंडेशन से जुड़े जनकल्याण ट्रस्ट कोलकाता, हलवासिया विद्या विहार स्कूल और स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन की टीम ने बृहस्पतिवार को हरी सब्जियां वितरित कीं।
झज्जर में पैनासोनिक कंपनी की चिकित्सकों की टीम ने तीन गांवों में लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और मास्क व सैनिटाइजर बांटे। सोनीपत व महेंद्रगढ़ में विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं ने भोजन के पैकेट व अन्य जरूरी चीजें गरीबों को वितरित कीं।