एक शख्स के स्वैब का नमूना एकत्र करती महिला स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : PTI
इस समय देश में कई संस्थान कोरोना वैक्सीन के परीक्षण पर काम कर रहे हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने उम्मीद जताई है कि जल्दी ही देश को इस महामारी से बचाव के लिए वैक्सीन मिल जाएगी। जबकि दिल्ली के प्रतिरक्षण अधिकारी सुरेश सेठ ने दावा किया है कि वैक्सीन आने पर एक माह में ही पूरी दिल्ली का टीकाकरण किया जा सकता है।
सेठ ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम के लिए 600 कोल्ड स्टोरज पॉइंट और लगभग 1800 आउटरीज साइट हैं। उन्होंने कहा कि वैक्सीन को स्टोर करने के लिए बुनियादी ढांचा तैयार है। 2 से 8 डिग्री तापमान और माइनस 15 से 25 डिग्री तापमान में वैक्सीन को स्टोर करने में कोई समस्या नहीं हैं। साथ ही वितरण से जुड़े कार्य भी आसानी से किए जाएंगे।
हालांकि, जिन वैक्सीन को माइनस 70 डिग्री तापमान में रखने की जरूरत है। उसको लेकर कुछ समस्या हो सकती है, लेकिन केंद्र सरकार इसको लेकर रणनीति बना रही है। राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कोविड-19 नोडल अधिकारी अजीत जैन ने कहा कि वैक्सीन के रखरखाव के लिए दिल्ली में पर्याप्त उपकरण और क्षमता है।
टीकाकरण को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही हैं। आईसीएमआर के पूर्व निदेशक डॉक्टर एनके गांगुली ने कहा कि 2 से 8 डिग्री तापमान में रखी जाने वाली किसी भी वैक्सीन के लिए दिल्ली में कोई भी समस्या नहीं आएगी। यहां सभी पर्याप्त संसाधन उपलब्ध है।