पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर नाराज एक कंप्यूटर इंजीनियर ने थाना पल्ला क्षेत्र के रोशन नगर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक ने पत्नी को वीडियो कॉल की और बात करते-करते फांसी के फंदे पर झूल गया। हालांकि, पुलिस इस तरह की किसी जानकारी से इंकार कर रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
मूलरूप से बुलंदशहर निवासी उमेश ग्रेटर नोएडा स्थित एक कंपनी में बतौर कंप्यूटर इंजीनियर कार्यरत था। उमेश ने प्रेम विवाह किया था और उसके दो बच्चे हैं। छोटा बेटा चार माह पहले ही हुआ है। उमेश के भाई महेश ने बताया कि गत 4 अप्रैल को उमेश की पत्नी बच्चों को साथ लेकर मायके गुवाहाटी गई थी।
सोमवार रात उमेश ने पत्नी को वीडियो कॉल की। बातचीत के दौरान उसने पत्नी को जल्द वापस लौटने के लिए कहा। पुलिस के अनुसार, उमेश की पत्नी शादी के बाद छह-सात साल में पहली बार मायके गई थी। ऐसे में उसने कुछ दिन और रुकने की बात कही। मगर उमेश उसे लगातार वापस आने के लिए कह रहा था।
पत्नी के बार-बार थोड़े दिन रुकने की बात से उमेश नाराज हो गया। उसने वीडियो कॉल जारी रखी और पंखे से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। उमेश की पत्नी ने इसकी सूचना बुलंदशहर में परिजनों को दी। वे रात को ही यहां पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया। जांच पड़ताल के बाद शव बीके सिविल अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया गया।
पल्ला थाने के अंतर्गत नवीन नगर चौकी प्रभारी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में उमेश और उसकी पत्नी के बीच किसी तरह के मनमुटाव की बात भी सामने नहीं आई है। बल्कि पता चला कि उमेश अपनी पत्नी से बहुत प्यार करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
युवक ने दी जान
एक अन्य घटना में नवीन नगर क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी 25 वर्षीय दीपक नामक युवक ने भी फांसी लगा दी। परिजन उसे लेकर बीके अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया। मंगलवार को वहां उसकी मौत हो गई।