एसआरएस रेजिडेसी सेक्टर 88 में रहने वाले सत्यदेव ने बृहस्पतिवार सुबह 14वीं मंजिल पर स्थित अपने घर की बालकनी से छलांग लगाकर जान दे दी।
परिजनों के मुताबिक सत्यदेव मानसिक रूप से अस्वस्थ था, उलझन में ही उसने जान दे दी। पिता देवी सिंह ने बताया कि सत्यदेव को डेढ़ माह पहले ही मानसिक बीमारी के इलाज के लिए सेक्टर 16 स्थित मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कुछ दिन पहले ही अस्पताल से छुट्टी मिली तो उसे घर पर ही रखा गया था। दुखी देवी सिंह ने बताया कि घर के सभी सदस्य सत्यदेव का ख्याल रखते थे।
शुक्रवार को बेटी की सगाई का कार्यक्रम होना है, परिवार वाले उसकी तैयारी में लगे थे। बृहस्पतिवार सुबह सभी लोग सगाई की तैयारियों के कार्यक्रम तय कर रहे थे कि बेटे ने छलांग लगाकर जान दे दी।
तुरंत ही उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। घटना से पूरी सोसायटी स्तब्ध है। लोगों का कहना था कि सत्यदेव बेहद मिलनसार स्वभाव का था। वह सिंगर बनना चाहता था। उसके इस कदम पर किसी को विश्वास नहीं हो रहा है।
खेड़ी पुल चौकी प्रभारी जय किशन ने बताया कि परिजनों ने मानसिक रूप से परेशान होने की वजह से आत्महत्या करना बताया है, केस दर्ज कर अन्य सभी पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।