नजफगढ़ निवासी ज्योति मिश्र ने बताया कि पानी न आने से दिनचर्या बिगड़ गई है। पहले तो पानी कम आ रहा था, लेकिन किसी तरह से काम चलाया जा रहा था। इस समय पानी दिन में एक बार आ रहा है। हालात ये हैं कि पानी के लिए पड़ोसियों से मांगकर गुजारा करना पड़ रहा है। कई बार पानी की परेशानी को लेकर प्रशासन के पास गए, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।
नंगली डेयरी निवासी दुर्गा ने बताया कि पानी न आने से घर के काम रुके हुए हैं। टैंकर के लिए बुकिंग की है, लेकिन जल बोर्ड की ओर से एक हफ्ते बाद का समय दिया गया है। इससे वे बोरिंग का पानी पीने को मजबूर हैं। घर में छोटे बच्चे हैं, जिससे अधिक परेशानी हो रही है। वहीं, सरोजिनी नगर में रहने वाले रोहित रावत ने बताया कि सुबह गंदा पानी आ रहा है।
बोतलबंद पानी से गुजारा
पूनम ने बताया कि रोजाना 5-6 बाल्टी पानी पड़ोसियों से मांगकर गुजारा करना पड़ रहा है। पेयजल के विकल्प के लिए अब बोरिंग करवाएंगी। वहीं, घर में पानी न होने पर लोग बाहर से बोतलबंद पानी खरीदकर गुजारा कर रहे हैं। आलम यह है कि एसी से गिरने वाले पानी को घरेलू कार्याें के लिए इस्तेमाल करना पड़ रहा है।