दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पर सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। इथोपिया से आ रहे एक विमान में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई। इस कारण विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में बैठे सभी 226 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है।
सोमवार की सुबह एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इथोपिया से आ रहे एक विमान को तकनीकी कारणों से दिल्ली एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की सूचना मिली। इसके लिए तमाम कवायद पूरी की गई। इस दौरान एटीसी ने सुबह करीब 8:50 बजेे लोकल स्टैंड बाई करने का भी निर्देश दिया।
विमान सुबह करीब 9 बजे एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार विमान के गेयर इंडिकेटर में तकनीकी खराबी आ गई थी। विमान संख्या 686 ने अदिस अबाबा (इथोपिया) से उड़ान भरी थी।