बिजली संबंधी समस्याओं की शिकायत दर्ज कराना अब और आसान हो गया है। विभाग ने दो नए टोल फ्री नंबर शुरू किए हैं जिनमें सर्किल और जिले का भी उपभोक्ता अपनी समस्याएं दर्ज करा सकता है।
विभाग ने यह कदम उपभोक्ताओं को शिकायतें दर्ज कराने में आ रही तकनीकी समस्याओं को खत्म करने के लिए उठाया है। बिजली निगम मुख्यालय की आईटी विंग ने बृहस्पतिवार दोपहर बाद यह नंबर उपभोक्ताओं के लिए शुरू कर दिए।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने सर्किल फरीदाबाद समेत सभी अन्य सर्किलों के लिए टोल फ्री टेलीफोन नंबर 18001804334 और 18001801615 शुरू किए है।
किसी भी एक नंबर पर कॉल करने के बाद उपभोक्ता को उससे संबंधित नंबर पर ट्रांसफर कर दिया जाएगा। एक बार शिकायत दर्ज होने के बाद मुख्यालय की आईटी विंग खुद संबंधित सर्किल ऑफिस में उपभोक्ता की शिकायत पहुंचाएंगी।
बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार बिजली संबंधित शिकायतों को दर्ज करवाने के लिए पुराने नंबरों में काफी समय से परेशानी आ रही थी।
कॉल के दौरान उपभोक्ता या शिकायत सुनने वाले ऑपरेटरों की आवाज साफ नहीं आती थी। कई बार फोन बीच में ही कट जाता था। बिजली निगम प्रवक्ता डीपी ढुल ने बताया कि नंबरों को सक्रिय कर दिया गया है। दक्षिणी सर्किल में दोनो नंबरों की 18-18 लाइनें जारी की गई है।