राजेंद्रा पार्क कॉलोनी में पानी और बिजली की किल्लत दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। कॉॅलोनी में करीब दस दिनों से लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं, लेकिन इनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
हालांकि लोगों ने पानी के लिए अपनी रकम खर्च कर टैंकर भी मंगवाए। व्यवस्था से नाराज लोग अपने घरों से खाली बाल्टी लेकर सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि एक तो प्रचंड गर्मी के कारण उनका घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं बिजली और पानी की किल्लत के कारण उन्हें दोहरी मार झेलने पर विवश कर रही है।
राजेंद्रा पार्क के निवासियों का कहना है कि इलाके में पिछले काफी दिनों से बिजली और पानी की समस्या बनी हुई है और उनके द्वारा इसकी कई बार पार्षद से लेकर संबधित अधिकारियों को शिकायत भी दी गई है, लेकिन इलाके की समस्या पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
बिजली और पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। राजेंद्रा पार्क के स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में दस दिनों से पानी नहीं आ रहा है। सुबह के समय थोड़ी बहुत देर पानी आता
था, लेकिन उसका भी कोई समय नहीं है, जिसके कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी शिकायत वह करें तो कहां करें, उनकी सुनने वाला कोई भी तो नहीं है। राजेंद्रा पार्क के बूस्टिंग
स्टेशन पर जाते हैं तो एक ही जवाब सुनाई देता है कि आगे से ही पानी नहीं आ रहा है तो हम क्या करें। लोगों ने बताया कि नगर
निगम की तरफ से पानी की सप्लाई तो आती नहीं है, जबकि बिल समय पर जरूर आ जाता है।
इसकी शिकायत भी लोग अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन किसी भी अधिकारी के कान पर जूं तक नहीं रेंगती। लोगों ने बताया कि वह पीने के पानी को तरस रहे हैं और नगर निगम के किसी भी अधिकारी ने आकर नहीं झांका है कि आखिर मसला क्या है। लोगों को उनके हिस्से का पानी क्यों नहीं मिल रहा है।