सेक्टर-120 स्थित आम्रपाली जोडियक सोसायटी पर बकाया करीब 65 लाख रुपये जमा न करने पर बुधवार दोपहर को विद्युत विभाग के अधिकारियों ने फिर बिजली आपूर्ति काट दी। उधर, वहां के निवासियों को बिजली कटने के बाद जेनरेटर से 8 से 10 रुपये प्रति यूनिट देकर बिजली लेनी पड़ रही है।
दरअसल, सोसायटी पर बिजली विभाग के करीब पौने 3 करोड़ रुपये बकाया हैं, लेकिन इसके एवज में यूपीपीसीएल ने सोसायटी की बिजली काट दी थी और आरसी जारी कर दी थी। इसके खिलाफ बिल्डर कोर्ट चला गया और उस राशि को छोड़कर हर माह बिल जमा करने का आश्वासन दिया जिसके बाद विद्युत विभाग ने बिजली आपूर्ति शुरू कर दी थी।
पिछले सप्ताह विद्युत विभाग ने फिर सोसायटी की बिजली काट दी। कारण, बिल्डर की ओर से हर माह का बिल अदा नहीं किया गया था जिससे करीब 65 लाख रुपये और बकाया बढ़ गया। 24 घंटे बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद सोसायटी और बिल्डर के लोगों ने आश्वासन दिया कि मंगलवार तक वह रुपये जमा करा देंगे, लेकिन बिल जमा न होने की स्थिति में बुधवार को यूपीपीसीएल के अधिकारियों ने कनेक्शन काटने के निर्देश दिए।
आला अधिकारियों के लिखित निर्देश पर आम्रपाली जोडियक सोसायटी की बिजली आपूर्ति बंद की गई है। करीब पौने तीन करोड़ रुपये बकाया हैं, लेकिन 65 लाख रुपये जमा कराने के लिए कहा था। इसे जमा न कराने के कारण कनेक्शन काटा गया है। आला अधिकारियों के अग्रिम आदेश तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
- मनोज कुमार , अधिशासी अभियंता, यूपीपीसीएल नोएडा