-धौलाकुआं-धारूहेड़ा रूट शुरू, गुरुग्राम-मानेसर औद्योगिक बेल्ट के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली और हरियाणा के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली सरकार धौला कुआं से धारूहेड़ा के बीच नई इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही डीटीसी के बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी। इससे साफ, सस्ती और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन को और मजबूती मिलेगी।
इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवा की कड़ी में अब धौला कुआं-धारूहेड़ा रूट जुड़ रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस नई सेवा का उद्घाटन करेंगी और 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएगी। इस मौके पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले महाराणा प्रताप आईएसबीटी से बारौत और सोनीपत के लिए शुरू की गई इलेक्ट्रिक बस सेवाओं को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। उसी अनुभव के आधार पर अब यह नया रूट शुरू किया जा रहा है, ताकि दिल्ली और हरियाणा के बीच रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
हर शिफ्ट में तीन इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी
धौला कुआं-धारूहेड़ा रूट पर डीटीसी हर शिफ्ट में तीन इलेक्ट्रिक बसें चलाएगी। ये बसें तय समय सारिणी के अनुसार चलेंगी। धौला कुआं से धारूहेड़ा के लिए सुबह 6.30, 7.00, 7.30 और दोपहर 2.45, 3.15, 3.45 बजे बसें मिलेंगी। वहीं धारूहेड़ा से धौला कुआं के लिए सुबह 9.45, 10.15, 10.45 और शाम 6.00, 6.30, 7.00 बजे बसें चलेंगी। यह रूट धौला कुआं, राजोकरी बॉर्डर, गुरुग्राम, खेड़की दौला, रामपुरा, मानेसर, पंचगांव, सिधरावली होते हुए धारूहेड़ा तक जाएगा। इससे गुरुग्राम, मानेसर और धारूहेड़ा के आसपास रहने वाले ऑफिस जाने वालों, छात्रों और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।