अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रानीबाग इलाके में दो बुजुर्ग बहनों को कार में लिफ्ट देकर ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने उन्हें कराला छोड़ने का बहाना बनाकर कार में बिठाया। उन्होंने डरा-धमकाकर 14 हजार रुपये और लाखों के गहने लूट लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।
कराला गांव निवासी उमापति देवी (60) चार अगस्त को अपनी बड़ी बहन के साथ पीतमपुरा गई थीं। बेटी-दामाद से मिलकर वे कराला लौट रही थीं। सरस्वती विहार बस स्टैंड पर बस का इंतजार करते समय एक कार उनके पास रुकी। कार सवार ने खुद को सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर कीमती सामान देने को कहा। आरोपी ने उनसे नकदी और गहने लेकर कुछ दूर बाद कार से उतार दिया।