-बाहरी-उत्तरी दिल्ली के समयपुर बादली स्थित सिरसपुर में हुआ हादसा, हादसे के समय बुजुर्ग गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे
-हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक पड़ा रहा बुजुर्ग का शव, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी भेजा, मामले की छानबीन जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
बाहरी-उतरी दिल्ली के सिरसपुर इलाके में एनएच-44 पर सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त सरदार (60) के रूप में हुई है। हादसे के समय वह गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद किसी ने घायल को अस्पताल पहुंचाने की जहमत नहीं उठाई। लोग सड़क तमाशबीन बनकर वीडियो बनाते रहे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने एनएचएआई की एंबुलेंस से बुजुर्ग को बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। हादसे के संबंध में समयपुर बादली थाना पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान की जा रही है। मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना स्थल के पास ही फुटओवर ब्रिज बना हुआ है।
अक्सर लोग इस फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल न कर कर नीचे से ही सड़क पार करते हैं। हाइवे होने के कारण यहां से वाहन काफी तेज गुजरते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फुटओवर ब्रिज से ही सड़क पार करें। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक सरदार राजू अपने परिवार के साथ गली नंबर-14, स्वरूप नगर में रहते थे। बुजुर्ग होने की वजह से वह फिलहाल काम नहीं करते थे। मंगलवार सुबह वह घर से मत्था टेकने के लिए एनएच-44, सिरसपुर के गुरुद्वारे जाने के लिए निकले। मत्था टेकने के बाद वह वापस लौट रहे थे। इस बीच गुरुद्वारे के सामने एनएच-44 पर हादसे के शिकार हो गए।