जमालपुर में मौके पर जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को स्थानीय पुलिस की लापरवाही की जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना था कि एक चोर को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
वरुण को व्हाट्सएप पर भेजा है मैसेज’
वरुण भाटी के पिता हेमसिंह ग्रेटर नोएडा के चाई-फाई सेक्टर में रहते हैं। वारदात की सूचना मिलने पर वह भी गांव पहुंच गए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने वरुण को व्हाट्सएप पर मैसेज किया है। वरुण अभी जकार्ता में है। उसने अभी उनका मैसेज नहीं पढ़ा है। रविवार तक उसके लौटने की संभावना है।
मौके पर मिले दो सेफ्टी हेलमेट
पुलिस ने वारदात के बाद आजाद सिंह के घर से निर्माणाधीन साइट पर लगाए जाने वाले दो सेफ्टी हेलमेट बरामद किए हैं। बताया गया है कि यह दोनों हेलमेट बदमाश छोड़कर गए हैं। पुलिस ने दोनों हेलमेट को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके से ब्लड, बाल आदि साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेजे हैं। प्रथम दृष्टया में घुमंतू गिरोह के वारदात करने की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली जलबोर्ड से सेवानिवृत्त थे आजाद
आजाद दिल्ली जल बोर्ड से कैशियर पद से सेवानिवृत्त थे और दिल्ली के खजूरी निवासी इकलौते बेटे के यहां रहते थे। कुछ दिन पहले ही दंपति गांव आए थे। वह समाजसेवी थे और उन्होंने गांव के कई लोगों की विभिन्न विभागों में नौकरी भी लगवाई थी।
वरुण के पिता हेम सिंह व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. अजयपाल शर्मा, एसएसपी, गौतमबुद्ध नगर का कहना है कि, दंपति की सूचना पर मौके का मुआयना किया गया है। नुकीले व तेजधार हथियार से वारदात को अंजाम दिया गया है। पांच टीमें वारदात के खुलासे के प्रयास में जुटी हैं। इनमें साइबर व सर्विलांस एक्सपर्ट पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।
बख्शे नहीं जाएंगे हत्यारोपी : धीरेंद्र सिंह
जमालपुर में हुई दोहरे हत्याकांड की वारदात के बाद जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से वार्ता की और आश्वासन दिया कि हत्यारोपी किसी भी हालत में बख्शे नहीं जाएंगे। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, पूर्व मंत्री वेदराम भाटी आदि भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
घुमंतू गिरोह पर नजर रखने के लिए चलाया अभियान
गौतमबुद्ध नगर के गांव जमालपुर में डकैती व हत्या की वारदात के बाद दादरी और जारचा क्षेत्र में घुमंतू गिरोह पर नजर रखने के लिए पुलिस ने सघन अभियान चलाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि गांव जमालपुर में दंपती की हत्या के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। क्षेत्र के दादरी रेलवे स्टेशन, बोड़ाकी, मारीपत रेलवे स्टेशनों के अलावा सुनसान स्थानों और संपर्क मार्गों पर शनिवार को घुमंतु गिरोह पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान चलाया। इसके साथ ही जारचा क्षेत्र में जिन गांवों के रास्ते शाम होने के बाद सुनसान हो जाते है वहां पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
रेल से बदमाशों के आने की आशंका
जमालपुर गांव से लगभग पांच सौ मीटर दूर ही रेलवे स्टेशन है। ग्रामीण पैदल चलकर ही रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाते हैं। रेलवे लाइन भी गांव के काफी करीब है। घुमंतू गिरोह भी अक्सर ट्रेन से सफर कर पटरी के रास्ते वारदात करते हैं। इससे बदमाशों के ट्रेन से सफर कर पटरी के रास्ते आने की आशंका जताई जा रही है।