देश की राजधानी दिल्ली में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार को हुए ट्रिपल हत्याकांड से सनसनी मच गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना साउथ वेस्ट दिल्ली के वसंत अपार्टमेंट की। यहां रह रहे बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। वारदात वसंत विहार थाना इलाके में हुई है।
सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल हत्या किसने की, इसका पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है।
डीसीपी देवेंद्र आर्य ने वसंत अपार्टमेंट ट्रिपल मर्डर मामले पर कहा, "शुरूआती जांच में पता चला है कि किसी तरह की लूट-पाट नहीं हुई है, घर में अनुकूल तरीके से घुसा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है। छानबीन जारी है।"
जानकार के अनुसार विष्णु स्वरूप माथुर (79) पत्नी शशि माथुर (75) के साथ 234, पहली मंजिल वसंत एंक्लेव, वसंत विहार में रहते थे। विष्णु स्वरूप सीजीएचएस से फार्मासिस्ट के पद से रिटायर हुए थे, जबकि उनकी पत्नी एनडीएमसी से रिटायर हुई थीं।
चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण शशि ने देखभाल के लिए करीब छह माह पहले नर्सिंग असिस्टेंट पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड) निवासी खुशबू नौटियाल (23) को रखा था। रविवार सुबह जब नौकरानी बबली काम पर आई थी तो घर के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी थी। उसने गेट को धक्का देकर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि विष्णु माथुर व शशि के शव पलंग पर पड़े थे, जबकि नर्स का शव ड्राइंग रूम में पड़ा था।
तीनों की गला रेतकर हत्या की गई थी। उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। इसके बाद करीब नौ बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दंपती की बेटी अनिता (50) की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दस वर्ष पहले बेटे की मौत हो गई थी
बुजुर्ग दंपती का एक ही बेटा था। करीब दस वर्ष पहले उसकी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद दंपती बीमार रहने लगे। बेटी अनिता शादीशुदा है और वह अपने परिवार के साथ ग्रेटर कैलाश-दो में रहती है। वह माता-पिता की देखभाल के लिए वसंत एंक्लेव आती रहती थीं।