तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर एक शख्स के ट्रैक पर कूदने के कारण राजीव चौक से द्वारका के बीच सेवाएं करीब आधा घंटे तक प्रभावित हुईं। इससे ब्लू लाइन पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शख्स को ट्रैक से हटाने के कुछ देर बाद ट्रेनों को संचालन सामान्य हुआ।
ब्लू लाइन के तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर शनिवार सुबह करीब पौने 11 बजे राजीव चौक से द्वारका की ओर ट्रेनों का संचालन धीमा हो गया। कई ट्रेनों को स्टेशनों से पहले ही बीच में रोका गया। डीएमआरसी ने उद्घोषणा के जरिये यात्रा में विलंब की सूचना यात्रियों को दी।
डीएमआरसी ने फेसबुक और ट्विटर के जरिये सूचित किया कि तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर कोई शख्स ट्रैक पर गिर गया है। इसके चलते मेट्रो सेवा में विलंब से चल रही है। मेट्रो के विलंब के चलने से स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के करीब आधे घंटे बाद मेट्रो सेवा सामान्य हुई। इस समस्या को लेकर यात्रियों ने सोशल मीडिया पर डीएमआरसी से शिकायत भी की।