नौकर के छुट्टी पर जाने के बाद आए दूसरे नौकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट की। विकासपुरी में हुई सनसनीखेज वारदात में आरोपियों ने बुजुर्गों के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद महिला के पहने हुए जेवरात के अलावा घर से करीब 10 लाख रुपये के सोने व हीरे के आभूषण लूट लिए।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कई घंटे बाद दूसरी नौकरानी घर पहुंची तो वारदात का पता चला। पीड़ितों की शिकायत पर विकासपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मीना टेकचंद (75) परिवार के साथ विकासपुरी इलाके में रहती हैं। परिवार में पति अशोक टेकचंद के अलावा दो बेटे हैं। छोटा बेटा कमल पहली मंजिल पर परिवार के साथ रहता है, जबकि दूसरा बेटा धीरज परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर रहता है। ग्राउंड फ्लोर पर बुजुर्ग दंपति रहते हैं। कुछ दिन पूर्व उनका नौकर सोहन छुट्टी लेकर गांव गया था।
बेटे की साली ने केशव नामक एक नौकर को उनके घर भेज दिया। आरोप है कि केशव ने दंपति को रविवार सुबह चाय दी। इसके कुछ ही देर बाद एक अन्य युवक के साथ वह कमरे में पहुंचा।
आरोपियों ने मीना व अशोक के हाथ-बांध दिए। इसके बाद मीना के पहने सोने के कड़े, चेन व अन्य जेवरात लूट लिये। बाद में आरोपियों ने अलमारी में रखे जेवरात और 65 हजार रुपये लूटे और मौके से फरार हो गए। करीब साढ़े तीन घंटे के बाद उनकी नौकरानी घर पहुंची तो वारदात की जानकारी हुई। बाद में मीना के बेटों को सूचना दी गई।