दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को इंटरप्रिन्योरशिप काउंसिल (उद्यमिता परिषद) का गठन किया है। नौकरी डॉट कॉम संस्थान के संजीव बिखचंदानी को परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की।
केजरीवाल ने कहा है कि सरकार छोटे बिजनेस, स्टार्टअप को बढ़ावा देगी, जिससे नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बढ़ेंगे। परिषद तीन महीनों में रिपोर्ट देगी कि बिजनेस शुरू करने को लेकर सरकारी सिस्टम में गड़बड़ी कहां है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि परिषद दिल्ली डायलॉग एंड डेवलपमेंट कमीशन के तहत काम करेगा। इसमें ऐसे लोगों को रखा गया है जिन्होंने खुद स्टार्टअप किया है वहीं दूसरे वो लोग भी हैं जिन्होंने हर तरह के बिजनेस को फाइनेंस किया है।
उद्यमिता परिषद सलाहकारी संस्था है। जिसके जरिए बिजनेस शुरू करने में सरकारी बाधाओं को दूर करने के रास्तों को ठीक करने की सिफारिश होगी। परिषद नौकरी देने वाले बिजनेस को बढ़ाने, छोटे-मंझोले बिजनेस और स्टार्टअप शुरू करने की सही पॉलिसी पर सलाह देगी।