तीन वर्ष पहले फांसी के फंदे पर लटके मिले युवक के शव मामले में थाना राजेंद्रा पार्क पुलिस ने अदालत के आदेश पर हत्या व एससी/एसटी का केस दर्ज किया है।
इस मामले में दो पुलिसकर्मियों समेत आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या का केस दर्ज किया था, जबकि मृतक की मां ने इसे हत्या बताया था।
बता दें कि मई 2015 में खेड़की माजरा निवासी कुलदीप (25) का शव गांव के ही एक खंडहरनुमा मकान में फांसी के फंदे पर झूलता मिला था। पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए केस दर्ज किया था। लेकिन मृतक की मां पुष्पा ने आत्महत्या की बात को अदालत में चुनौती दी थी।
उनका आरोप था कि उनके बेटे द्वारा दूसरी जाति की युवती से प्रेम प्रसंग के चलते जान जाने की बात कही। जबकि उसकी मां ने बेटे का विवाह अपनी ही जाति की लड़की से कर दिया।
आरोप है कि कुलदीप से शादी न होने से नाराज युवती ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसके बेटे की सुनियोजित ढंग से हत्या करवा दी और उसे आत्महत्या का रूप दे दिया।
थाना राजेंद्रा पार्क के प्रभारी अजयबीर सिंह ने बताया कि इस मामले में एसआई आत्माराम, एएसआई अजीत समेत आठ लोगों के खिलाफ अदालत के आदेश पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।