हड़ताल खत्म होने के बाद नवरात्र के पहले दिन पूर्वी दिल्ली निगम क्षेत्र में सफाई में कर्मी जुट जाएंगे। लेकिन 28 दिनों की हड़ताल से चरमराई सफाई व्यवस्था को पटरी पर लौटने में एक सप्ताह से अधिक वक्त लग सकता है। पहले ही दिल्ली में प्रदूषण का असर बढ़ रहा है और करीब एक महीने से अलग-अलग जगहों पर इकट्ठा कचरे को हटाने से भी जो धूल कण हवा में घुलेंगे, उससे हालात और भी बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पहले की नारेबाजी, फिर हड़ताल खत्म
हड़ताल के 28वें दिन ईस्ट एमसीडी में कार्यरत सफाई कर्मचारी मंगलवार को एमसीडी मुख्यालय पर मेयर और कमिश्नर का घेराव करने पहुंचे। कर्मचारियों ने सुबह से ही पटपड़गंज स्थित मुख्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को धरने पर बैठ गए और भाजपा, एमसीडी और केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
पूर्वी निगम के कमिश्नर ने कहा कि बातचीत के बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की है। जिन मांगों पर सहमति बनी है, उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उधर, एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के प्रधान संजय गहलोत ने कहा कि कर्मियों को स्थायी करने और हटाए गए कर्मियों को बहाल करने की मांगें मान ली गई हैं।