उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र में नशा कर रहे युवकों को रोकना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। आरोपियों ने पीड़ित जय किशन (40) की पिटाई कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पिटाई के बाद अचानक जय किशन के सीने में दर्द हुआ। परिजन उनको अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार का आरोप है कि आरोपियों की पिटाई की वजह से जय किशन की मौत हुई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जय किशन का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जय किशन के शरीर पर किसी भी तरह की चोट का कोई निशान नहीं मिला है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जय किशन का शव परिवार के हवाले कर दिया। कोई कार्रवाई न होने पर गुस्साए परिजनों ने जय किशन का शव मेन रोड पर रखकर जाम लगा दिया। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाकर परिजनों को वहां से हटाया।
जानकारी के अनुसार जय किशन परिवार के साथ शक्ति विहार, गली नंबर-3 में रहते थे। जय किशन छोटा-मोटा काम करते थे। इनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं। आरोप है कि सोमवार रात करीब साढ़े 9 बजे जय किशन के घर के बाहर तीन युवक शराब और गांजा पी रहे थे। इस बात पर जय किशन ने उन्हें वहां से जाना को कहा। तीनों आरोप भड़क गए और जय किशन के साथ बुरी तरह मारपीट कर दी। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए।
इस बीच जय किशन ने सीने में दर्द की शिकायत की। परिजन पड़ोसियों की मदद से उनको नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से उनको जीटीबी भेज दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जीटीबी से उनको घर भेज दिया गया। इस बीच सुबह उनकी घर में मौत हो गई।
परिजनों ने पीसीआर कॉल कर वारदात की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा क्राइम टीम मौके पर पहुंची। छानबीन हुई। परिजनों ने तीनों युवकों पर पिटाई करने और उससे जय किशन की मौत का आरोप लगाया। अब पुलिस पीएम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई करने की बात कर रही है।