ईस्ट दिल्ली हब के तौर पर कड़कडड़ूमा में विकसित होने वाली इलाके में गगनचुंबी इमारतें बनेंगी। यहां करीब 25 हजार की आबादी की रिहायश से दफ्तर तक होगा। दिलचस्प यह कि हर जरूरत का सामान 500 मीटर के दायरे में मिलेगा।
इससे दूर जाने के लिए मेट्रो से डीटीसी बसों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को इस प्रोजेक्ट की नींव रखी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी व उपराज्यपाल अनिल बैजल समेत भाजपा सांसद मनोज तिवारी व गौतम गंभीर भी मौजूद थे।
ईस्ट दिल्ली हब में 44 मंजिला इमारत बनाने की योजना है। इसका करीब 70 फीसदी एरिया रिहायश व 20 फीसदी व्यावसायिक होगा। बचे दस फीसदी में पार्क आदि सार्वजनिक इस्तेमाल की चीजें विकसित होगी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ही इसका उद्घाटन भी करेगी। दो रूट की मेट्रो को जोड़ने के लिए स्काई वॉक बनाया जाएगा। वहीं, परिसर में पेयजल एवं कूड़े के निपटारे के लेकर अपना प्रबंधन होगा।
उधर, डीडीए के प्रस्ताव के मुताबिक, एनबीसीसी प्रोजेक्ट को पूरा करेगा और इसी प्रोजेक्ट से लागत की भरपाई करेगा। प्राधिकरण पर कोई अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं पड़ेगा। फिलहाल इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर विकसित किया जाना है। इसके सफल होने पर दूसरे प्रोजेक्ट भी शुरू करने की डीडीए की योजना है।
ये होंगी ईस्ट दिल्ली हब की खासियतें...
कड़कडड़ूमा मेट्रो स्टेशन व आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बीच करीब 30 हेक्टेयर जमीन पर होगा तैयार
लगभग 45 फीसदी भूमि का उपयोग किफायती आवास बनाने में होगा
400 एफएआर दिया जाएगा, यहां निर्माण पर
500 वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी होंगे आवास
4500 आवास होंगे
15 फीसदी ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवास बनेंगे यहां
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर होगा विशेष जोर, जल संचयन व सौर ऊर्जा पर आधारित होगा कार्य