-एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया
-पुलिस और सुरक्षा एजेंसी को जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, इसके बाद पुलिस ने बम की धमकी को फर्जी घोषित कर दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दक्षिण-पश्चिम जिला के द्वारका कोर्ट में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अदालत को ई-मेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया।
हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसी को जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने बम की धमकी को फर्जी बताया। घटना के चलते कुछ समय के लिए कोर्ट का कामकाज प्रभावित रहा और वहां मौजूद सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जांच पूरी होने के बाद ही अदालत का काम दोबारा शुरू हो सका। पुलिस के अनुसार, धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 9:30 बजे प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों की सघन जांच शुरू की। कई घंटों तक चली तलाशी के बाद कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और किसी तरह का खतरा नहीं पाया, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल, पुलिस की साइबर टीम धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की झूठी धमकियां देना गंभीर अपराध है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि दिल्ली में पहले भी स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी दफ्तरों और अदालतों को इस तरह की बम धमकियां मिलती रही हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुईं।