डीयू कुलपति ने निष्पक्षता पर दिया जोर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीयू कुलपति योगेश सिंह ने सभी कॉलेजों को सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम की निगरानी और मतदान केंद्रों पर पुलिस तैनाती को लेकर एक संयुक्त बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता कुलपति योगेश सिंह ने की।
बैठक में विश्वविद्यालय के अधिकारी, कॉलेज प्रिंसिपल, हॉस्टल अधिकारी और दिल्ली पुलिस के अधिकारी शामिल हुए। कुलपति योगेश सिंह ने कहा कि डूसू चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि डीयू और उसके शिक्षकों के लिए सभी विद्यार्थी समान हैं। उन्होंने शिक्षकों से किसी भी तरह के पक्षपात से बचने और चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कुलपति ने सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को अगले तीन-चार दिनों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रत्येक कॉलेज में एक शिक्षक को नियुक्त करने को भी कहा गया, जो चुनाव के दौरान पुलिस के साथ समन्वय करेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
संवेदनशील स्थानों पर 18 सितंबर तक रात में पुलिस गश्त जारी रहेगी। मतदान के दिन कॉलेजों और विभागों के बाहर भी पुलिस की तैनाती और गश्त रहेगी। महिला कॉलेजों में महिला कांस्टेबलों की तैनाती की जाएगी। बैठक में डीन ऑफ कॉलेज बलराम पाणी, साउथ कैंपस की निदेशक रजनी अब्बी, रजिस्ट्रार विकास गुप्ता, कल्चर काउंसिल के अध्यक्ष अनूप लाठर, मुख्य चुनाव अधिकारी राज किशोर शर्मा और मुख्य रिटर्निंग अधिकारी राजेश सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
मतदान और मतगणना की प्रक्रिया
डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को दो पालियों में होगा। सुबह की पाली सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक और सांध्यकालीन कॉलेजों में दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक मतदान होगा। ईवीएम 17 सितंबर को कॉलेजों में पहुंचाईं जाएंगी, जिनका वितरण सुबह आठ बजे से शुरू होगा। मतदान के बाद ईवीएम को छात्र प्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारियों की मौजूदगी में सील कर डीयू के मल्टीपर्पस हॉल यूनिवर्सिटी इंडोर स्टेडियम में जमा कराया जाएगा। मतगणना 19 सितंबर को इसी हॉल में होगी।