‘एक राष्ट्र एक राशनकार्ड’ योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद भवन (जॉन हाल) में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मौजूद रहे। इस अवसर पर चौटाला ने कहा कि एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस योजना से तीन बड़े फायदे होंगे।
उन्होंने कहा राशनकार्ड धारक उस राशन डिपो से अपना निर्धारित राशन ले पाएगा, जहां पर राशन उपलब्ध है। वहीं, प्रदेश ही नहीं किसी भी प्रदेश का राशन कार्ड धारक अब किसी अन्य राज्य में भी उसके लिए निर्धारित राशन प्राप्त कर सकता है और तीसरा लाभ यह है कि राशनकार्ड धारक अपने हिसाब से राशन की गुणवत्ता और नाप तौल कर अपने मन चाहे डिपोधारक से अपने हिस्से का राशन ले सकता है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में हुए लॉकडाउन के कारण जिस तरह से लोगों को राशन प्राप्त करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी, उसको देखते हुए इस योजना की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि योजना को लागू करने की इच्छा जाहिर करने वालों में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में से एक था।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पीओएस मशीन के साथ ई-वेइंग मशीन को जोड़कर उसका डिजिटल रिकॉर्ड रखने की सुविधा भी हरियाणा में शुरू की गई है। इस सुविधा के शुरू होने से राशन वितरण प्रक्रिया की डिजिटल तौर पर निगरानी रखी जा रही है।
इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने कहा कि योजना से फर्जी राशनकार्ड पर रोक लगेगी और राशन डिपोधारकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होगी। जो डिपोधारक अच्छी गुणवत्ता का पूरी मात्रा में राशन देगा तथा उसका स्वभाव भी ग्राहकों के प्रति अच्छा होगा।
खरे ने बताया कि योजना देश के 20 राज्यों में शुरू हो चुकी है तथा मार्च 2021 तक पूरे देश में लागू होगी। वर्तमान में देश की दो तिहाई आबादी इस योजना से लाभान्वित हो रही है। इस अवसर पर गुरुग्राम के मंडलायुक्त अशोक सांगवान, जिला उपायुक्त अमित खत्री समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।