-इसमें 30,000 से अधिक प्रतिभागियों के आने की संभावना है और सोशल मीडिया पर इसकी पहुंच 1 करोड़ से अधिक लोगों तक अनुमानित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में सोमवार और मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय स्टार्टअप एवं इनोवेशन समिट 2026 का आयोजन शंकर लाल कॉन्सर्ट हॉल में होगा। यह दो दिवसीय समिट एशिया का सबसे बड़ा छात्र-संचालित स्टार्टअप इवेंट माना जाता है और इसका थीम विकसित भारत: कैंपस इनोवेशन से ग्लोबल लीडरशिप तक रखा गया है। समिट का आयोजन उदय सोसाइटी (उद्यमिता प्रकोष्ठ) की तरफ से दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें 30,000 से अधिक प्रतिभागियों के आने की संभावना है और सोशल मीडिया पर इसकी पहुंच 1 करोड़ से अधिक लोगों तक अनुमानित है।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में कीनोट संबोधन, पैनल चर्चा, स्टार्टअप पिचिंग, वेबिनार, प्रतियोगिताएं, स्टॉल, निवेश और फंडिंग के अवसर और अवॉर्ड वितरण जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। समिट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जॉब सीकर की बजाय जॉब क्रिएटर बनने के लिए प्रेरित करना और दिल्ली विश्वविद्यालय को नवाचार और उद्यमिता का राष्ट्रीय केंद्र बनाना है। इस आयोजन में कुलपति योगेश सिंह, प्रोक्तर मनोज कुमार सिंह, शिवाजी कॉलेज के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह और उद्यमिता संस्था उद्यमो फाउंडेशन के अभिषेक टंडन के सहयोग से इसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में कदम माना जा रहा है।