डीयू की सत्र 2025-26 में नए कॉलेज में दाखिला शुरू करने की तैयारी
नजफगढ़ स्थित जमीन पर जल्द काम होगा शुरू, निर्माण के लिए हेफा से लिया है पैसा
पदों की स्वीकृति के लिए भारत सरकार को भेजा हुआ है प्रस्ताव
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के नजफगढ़ व फतेहपुर बेरी इलाके में छात्रों को जल्द ही दो नए कॉलेज मिलने जा रहे हैं। डीयू इन दो इलाकों में नए कॉलेज खोलने की तैयारी कर रहा है। नजफगढ़ में तो अगले साल तक कॉलेज बन कर तैयार हो जाएगा। इसके लिए जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। डीयू का प्रयास है कि सत्र 2025-26 में यहां दाखिले भी शुरू कर दिए जाए।
डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि हमने दो नए कॉलेजों का निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की है। दोनों कॉलेजों की इमारत के लिए हेफा (हायर एजुकेशन फाइनेंसिंग एजेंसी) से पैसा लिया हुआ है। नजफगढ़ की जमीन पर बहुत जल्द ही निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। अभी प्रशासन ने भारत सरकार को कॉलेज में टीचिंग और नॉन टीचिंग पदों की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा हुआ है। एक बार यह पद स्वीकृत हो जाए तब उम्मीद है कि अगले साल तक यहां दाखिले भी शुरू हो जाए।
महरौली स्थित फतेहपुर बेरी के भाटी कलां गांव में भी कॉलेज खोलने की तैयारी है। यह कॉलेज 40 बीघा जमीन पर तैयार होगा। दक्षिण पश्चिम दिल्ली में बनने वाले इस कॉलेज के लिए जमीन का आवंटन जुलाई 2019 मेंं हो चुका है। इन दोनों कॉलेज के खुलने से दिल्ली-एनसीआर के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियोंं को लाभ होगा। कॉलेजों के खुलने से डीयू की कुल सीटों की संख्या में भी इजाफा हो जाएगा।