लॉकडाउन के दौरान दिल्ली पुलिस के हवलदार पर जमातियों को अवैध रूप से बॉर्डर पार कराने के आरोप लगे हैं। कम्युनिकेशन विभाग में तैनात हवलदार मोहम्मद पंकज खान पर कई जमातियों को बॉर्डर पार करा फरीदाबाद की ओर भेजने का आरोप है।
विज्ञापन
इसके बाद उसने अपनी इस करतूत के फोटो बाकायदा अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किए। अपने फेसबुक अकाउंट पर उसने यहां तक लिखा कि यदि किसी जमाती को बॉर्डर पार करना हो तो वह उससे फोन पर भी संपर्क कर सकता है।
उधर, किसी व्यक्ति ने इसका यह दुस्साहस देखकर दिल्ली के पुलिस आयुक्त से मेल पर शिकायत की। पुलिस आयुक्त ने पूरे मामले की जांच के आदेश देकर हवलदार को क्वारंटीन कराया। इससे पूर्व, दिल्ली पुलिस मुख्यालय में तैनात एक सिपाही पर भी इसी तरह के आरोप लगे थे।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, पुलिस आयुक्त को 4 अप्रैल को मिले मेल में हवलदार मो. पंकज खान की शिकायत की गई थी। इसमें सीधे-सीधे लिखा है कि हवलदार ने तब्लीगी जमात के लोगों को मेवात जाने के लिए बॉर्डर पार करवाया।
इसके बाद हवलदार ने इसके फोटो बाकायदा अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किए। हालांकि बाद में पता चला कि इस हवलदार ने कुछ मदरसों के कथित बच्चों को बॉर्डर पार कराया था। शिकायतकर्ता ने अपने मेल में बाकायदा दुस्साहसी हवलदार के फेसबुक अकाउंट का लिंक भी दिया था। जांच के दौरान पता चला है कि यह हवलदार पहले भी संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुका है।