दिल्ली पुलिस को लॉकडाउन में मदद के लिए बीते 24 घंटे में 760 कॉल आ चुकी हैं। पुलिस विभाग ने लॉकडाउन से संबंधित समस्याओं को हल करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 23469526 जारी किया गया था। इस हेल्पलाइन नंबर पर बीते 24 घंटे में अब तक 760 लोग फोन कर सहायता मांग चुके हैं। खास बात यह है कि इस नंबर पर न सिर्फ दिल्ली के लोगों ने सहायता मांगी है बल्कि दिल्ली से बाहर के लोग भी मदद मांग रह हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 46 कॉल इनमें ऐसी हैं जो दिल्ली से बाहर से की गई थीं। जिनका निपटारा करने के लिए पुलिस ने स्थानीय पुलिस स्टेशन को इसकी जानकारी दे दी है। वहीं इनमें से 16 लोगों ने फोन कर पुलिस को जानकारी दी कि उनके पास न तो खाने के लिए कुछ है और न ही उनके पास पैसे बचे हैं। पुलिस ने ऐसे लोगों की मदद के लिए नजदीकी एनजीओ की मदद से इनके पास मदद पहुंचाई है। साथ ही जिन लोगों ने दवाई के लिए फोन किया था उनको उनके घर जाकर दवाइयां पहुंचाईं।
इसके अलावा 557 कॉल पुलिस के पास लॉकडाउन पास से संबंधित आईं। जिस पर पुलिस विभाग की ओर से कहा गया कि उन्हें पास के लिए वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा।