बवाना औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी की जर्जर दीवार मजदूर पर गिर गई। घटना के समय मजदूर दीवार को तोड़ रहा था। आनन फानन में उसे इलाज के लिए महर्षि वाल्मीकि अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृत मजदूर की पहचान दिनेश त्रिवेदी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथ काम कर रहे मजदूर साधु राम के बयान पर मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
साधु राम ने पुलिस को बताया कि वह इलाके में मजदूरी करता है। मंगलवार को वह सेक्टर एक स्थित साहिल की फैक्टरी में दीवार मरम्मत करने गया था। मालिक ने उसे एक दीवार तोड़ने के लिए एक और मजदूर को बुलाने के लिए कहा। वह मजदूर चौक से दिनेश को बुलाकर ले गया। दिनेश ने मालिक से सुरक्षा उपकरण देने के लिए कहा लेकिन मना कर काम करने के लिए कहा। दीवार तोड़ने के दौरान वह उसके चपेट में आ गया।