- गर्मी से बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित, बुखार-चक्कर के मामले बढ़े
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और तापमान में अचानक बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है। दिन में तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच रहा है, जबकि रात में इसमें गिरावट दर्ज हो रही है। इस उतार-चढ़ाव के कारण बुखार, कमजोरी और चक्कर जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसमें बच्चों की संख्या अधिक है। भांगरौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 95 मरीज इलाज के लिए पहुंचे, वहीं नखडौला पीएचसी में 75 मरीजों ने उपचार कराया। डॉक्टरों का कहना है कि बदलते मौसम और हीटवेव की वजह से लोग जल्दी बीमार पड़ रहे हैं, खासकर बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
भांगरौला पीएचसी के डॉक्टर अजीतेश के अनुसार चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी और अत्यधिक प्यास लगना गर्मी के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे में तुरंत छांव में जाएं, पानी पिएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है। लक्षण दिखने पर लापरवाही न बरतें और समय रहते इलाज कराएं।
टीबी जांच शिविर में 55 की स्क्रीनिंग -
नखडौला पीएचसी की ओर से नौरंगपुर गांव में टीबी जागरूकता और जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान 55 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि तीन लोगों के एक्स-रे कराए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि लगातार खांसी, वजन घटना और बुखार टीबी के संकेत हो सकते हैं, ऐसे में समय पर जांच जरूरी है।
-
40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, दोपहर में लू जैसे हालात -
मिलेनियम सिटी में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री बढ़कर 39.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और देर रात हल्की ठंडक जरूर राहत दे रही है, लेकिन दिन चढ़ते ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के लिए परेशानी बन रही हैं। दोपहर के समय लू जैसी गर्म हवाओं के चलते लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी और बढ़ने की आशंका है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार गुरुग्राम का एक्यूआई 262 और मानेसर का 277 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है।