इस दौरान दिल्ली, अहमदाबाद और पुणे जैसे शहरों की तुलना की गई। शोध में जो आंकड़े सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। इसमें दिल्ली में हवा में पारे की मात्रा 6.9 नैनोग्राम प्रति घन मीटर मापी गई। वहीं, अहमदाबाद में यह मात्रा 2.1, और पुणे में 1.5 नैनोग्राम प्रति घन मीटर रही। इसका मतलब है कि राजधानी में पारा वैश्विक औसत से करीब 13 गुना अधिक है, जो इसे न केवल देश बल्कि पूरे दक्षिण एशिया में सबसे अधिक प्रदूषित बनाता है।
पारा एक बेहद विषैला तत्व है, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक 10 रसायनों में शामिल किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति कई वर्षों तक इसकी थोड़ी-थोड़ी मात्रा में भी सांस लेता रहे, तो यह शरीर के कई अंगों को प्रभावित कर सकता है। इसमें मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र, गुर्दे और फेफड़े, प्रतिरक्षा प्रणाली और पाचन तंत्र शामिल है।
अध्ययन में बताया गया है कि इस धातु का एक बड़ा हिस्सा मानव गतिविधियों से वातावरण में पहुंच रहा है। साथ ही, दिल्ली की हवा में मौजूद पारे का 70 फीसदी से अधिक हिस्सा कोयला जलाने, वाहनों के धुएं और उद्योगों से निकलने वाले प्रदूषण के कारण है। इसके अलावा, सर्दियों और रात के समय यह स्थिति और भी बिगड़ जाती है। पराली जलाने, कोयला जलाने और शांत मौसम के चलते हवा में पारा ऊपर नहीं उठ पाता और जमीन के पास जमा हो जाता है।