गणतंत्र दिवस को लेकर मंगलवार को आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल के कारण राजधानी की कई सड़कों सहित सभी बॉर्डरों पर जाम लग गया। सुबह के समय नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली व मध्य दिल्ली इलाके में एक से डेढ़ घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। दोपहर दो बजे के बाद ही यातायात व्यवस्था सामान्य हो पाई।
वहीं, ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई मार्ग बंद होने की एडवाइजरी एक दिन पहले जारी की गई थी, लेकिन लोगों ने इसका पालन नहीं किया। लोग रिहर्सल के रूट की तरफ पहुंच गए। इस कारण ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन को जाम लगने की काफी सूचनाएं प्राप्त हुईं। 25 की रात से 26 जनवरी को परेड खत्म होने तक भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
फुल ड्रेस रिहर्सल सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू हुई और कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागॉन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की गोलचक्कर वाली प्रतिमा, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर होते हुए लाल किले पर समाप्त हुई। इस बीच नई दिल्ली व मध्य दिल्ली के कुछ मार्गों को बंद कर दिया गया था और कुछ मार्गों पर क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति नहीं दी गई थी।
इस कारण मथुरा रोड, रिंग रोड, आईटीओ, विकास मार्ग, लक्ष्मी नगर, एनएच-24, लाला लाजपत राय मार्ग, निजामुद्दीन, हौज खास, अरविंदो मार्ग, भीकाजी कामा प्लेस, धौला कुंआ, राजघाट, आईएसबीटी, कमला मार्केट, चांदनी चौक, कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर जाम लग गया। नई दिल्ली में कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, चाणक्यपुरी आदि मार्गों पर दोपहर दो बजे तक जाम की स्थिति रही। रिंग रोड, मथुरा रोड, विकास मार्ग व एनएच-24 पर भी लंबा जाम लगा। वाहन चालक एक से डेढ़ घंटे तक फंसे रहे। मथुरा रोड का जाम आश्रम चौक से सरिता विहार व लाजपत नगर तक पहुंच गया था।