जिलाधीश टीएल सत्यप्रकाश ने हरियाणा स्वर्ण जयंती शुभारंभ कार्यक्रम के मद्देनजर लेजरवैली में बनाए गए हेलीपैड से ताऊ देवीलाल स्टेडियम के रूट पर धारा-144 लगा दी है। आदेशों के अनुसार रूट पर सड़क के 100 मीटर क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग और 5 या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों मे कहा गया है कि हरियाणा प्रदेश की स्वर्ण जयंती उत्सव की शुरुआत 1 नवंबर को हो रही है। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आएंगे और हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित हरियाणा व अन्य राज्यों के अति विशिष्ट व्यक्ति भी इस मौके पर आएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के लिए लेजरवैली में हेलीपैड बनाया गया है और वहां से प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल स्टेडियम तक सड़क मार्ग से आएंगे।
प्रधानमंत्री सहित सभी अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा के मद्द्ेनजर लेजरवैली से ताऊ देवीलाल स्टेडियम तक के रूट पर धारा-144 लागू कर दी गई है। जिसके अनुसार सड़क मार्ग में आने वाले सभी स्पीड ब्रेकरों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं और मार्ग के दोनों तरफ 100 मीटर तक सर्विस रोड सहित वाहनों की पार्किंग करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इस रूट पर किसी भी प्रकार के हथियार, बरछा , कुलहाड़ी, गंडासा, जैली, चाकू , बंदूक व अन्य नुकसान पहुंचाने वाले हथियार रखने पर भी मनाही रहेगी। यह आदेश 30 अक्तूबर से 1 नवंबर तक प्रभावी रहेंगे।