फरीदाबाद में गरीब लोगों को रोजगार दिलाने वाली जिला शहरी विकास एजेंसी (डूडा) सरकार के आदेश के बाद बंद कर दी गई है।
इसका लिखित आदेश जिला प्रशासन को भेज दिया गया है। डूडा को बंद कर ‘नेशनल अर्बन लाइवहुड मिशन’ नामक एजेंसी बनाई गई है। नई एजेंसी के तहत क्या-क्या कार्य किए जाएंगे, जल्द ही सरकार इसके लिए दिशा निर्देश जारी करेगी।
जिला शहरी विकास एजेंसी जिला प्रशासन के अंतर्गत काम करती थी। एजेंसी का मुखिया अतिरिक्त उपायुक्त था, जबकि नई एजेंसी नगर निगम आयुक्त के साथ मिलकर काम करेगी। इसका बजट अभी तय नहीं है।
इसका जिला प्रशासन से किसी तरह का लेना-देना नहीं होगा। इसके सहायक प्रोजेक्ट ऑफिसर का नगर निगम में डेपुटेशन पर तबादला कर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि वह अब मुख्य तौर पर शहरी स्लम का काम देखेंगे।
डूडा के तहत जिले में कई तरह के रोजगार के प्रकल्प चलाए जा रहे थे। इसमें स्वयं सहायता समूह को लोन दिलवाना, कंप्यूटर व ब्यूटी पार्लर सेंटर खुलवाना, बीपीएल कार्ड धारकों की लड़कियों के लिए सिलाई सेंटर खुलवाना व उन्हें प्लेसमेंट उपलब्ध करवाना आदि शामिल था।
सरकार इन सभी योजनाओं के लिए सालाना अधिकतम दो करोड़ रुपये का बजट जारी करती थी। अब तक डूडा के सहायक प्रोजेक्ट अधिकारी रहे द्वारका प्रसाद ने बताया कि नई एजेंसी के कार्यों के लिए नई गाइडलाइन जारी होने का इंतजार किया जा रहा है।
डूडा के तहत आने वाले प्रोजेक्ट पर फिलहाल काम नहीं किया जाएगा। एडीसी गरिमा मित्तल ने बताया कि एजेंसी को किस कारण से बंद किया गया है, इसका प्रदेश सरकार ने कोई कारण नहीं बताया है।