दिल्ली यूनिवर्सिटी की बीकॉम ऑनर्स की एक किताब में छात्रों ईमेल लिखने के बारे में हैरान करने वाले निर्देश दिए जा रहे हैं। किताब के मुताबिक, छात्रों को महिलाओं के स्कर्ट जितना छोटा ईमेल लिखना चाहिए। ताकि वह पढ़ने में टू द प्वॉइंट और दिलचस्प लगे।
चौंकाने वाली बात ये है कि ये किताब डीयू से जुड़े ज्यादातर कॉलेजों में पढ़ाई जा रही है। बेसिक बिजनेस एजुकेशन नाम की इस किताब को प्रकाशित हुए एक दशक से ज्यादा का वक्त हो गया है। इसमें लिखा गया है, 'ईमेल महिलाओं की स्कर्ट की तरह शॉर्ट होने चाहिए, जिससे ये दिलचस्प लगे। साथ ही इसकी लंबाई सिर्फ इतनी हो कि सारी अहम बातें आ जाएं।'
'हिंदुस्तान टाइम्स' में प्रकाशित खबर के मुताबिक, एक छात्र ने नाम ना लेने की शर्त पर कहा कि कई छात्रों को आदत होती है कि वह टेक्स्टबुक में लिखी हर बात को रटते हैं। बिना ये सोचे हुए कि उसका क्या असर होगा।'
वहीं, ये मामला मीडिया में आते ही किताब के लेखक प्रोफेसर सीबी गुप्ता ने लोगों की भावनाओं को आहत करने के लिए माफी मांगी है। उन्होंने ये भी कहा है कि जिस आर्टिकल में ये कहा गया है वो एक विदेशी लेखक द्वारा लिखा गया है।
उन्होंने कहा, 'मैंने अपनी किताब से ये बातें हटा दी हैं। साथ ही प्रकाशक से कहा है कि वह नवीनतम संस्करण में इस कंटेंट को हटा दे।'फिलहाल शिक्षा विभाग ने इस मामले में कोई कदम नहीं उठाया है और ना ही कोई प्रतिक्रिया दी है।