-छात्रों की आपत्तियों और सुझावों पर विचार के बाद अंतिम कार्यक्रम घोषित, अफवाहों से बचने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली विश्वविद्यालय ने मई-जून 2026 सत्र की स्नातक (अंडरग्रेजुएट) एंड-सेमेस्टर परीक्षाओं की अंतिम डेटशीट जारी की है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई।
जारी अधिसूचना में बताया कि परीक्षा कार्यक्रम को छात्रों, शिक्षकों, कॉलेजों, विभागों और अन्य संबंधित पक्षों से प्राप्त सुझावों, आपत्तियों और मांगों पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद अंतिम रूप दिया गया है। परीक्षाएं 16 मई से शुरू होकर जून मध्य तक चलेंगी। छात्रों की सहूलियत के लिए कई परीक्षाओं को मई में ही आयोजित किया जा रहा है। दरअसल कई छात्रों की जून से इंटर्नशिप शुरु हो रही हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय छात्रों की शैक्षणिक जरूरतों और परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा है। अधिसूचना में कहा गया है कि परीक्षा कार्यक्रम को समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के साथ-साथ विद्यार्थियों की सुविधाओं का ध्यान भी रखा है। डीयू ने स्पष्ट किया कि अंतिम डेटशीट विश्वविद्यालय के परीक्षा पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है, ताकि सभी छात्र, कॉलेज और विभाग आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य अनौपचारिक माध्यमों पर फैल रही अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अपनी परीक्षाओं की तैयारी पूरी गंभीरता के साथ करें।