दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बाद हॉस्टल के छात्रों को अपने-अपने घर जाने की सलाह दी थी। लॉकडाउन होने के कारण वे नहीं लौट सके और यहीं फंस गए। ऐसे में डीयू हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आया है। इनके लिए सभी मूल बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय से संचालित होने वाले हॉस्टलों में मेस की सुविधा भी चालू है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि हॉस्टल में रहने वाले छात्र पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनके लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। लिहाजा उन्हें घबराने और परेशान होने की जरुरत नहीं है। दूसरी ओर, छात्र संगठन एबीवीपी ने लॉकडाउन के कारण छात्रावासों में घर से दूर रहकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 9999262612 जारी किया है।
संगठन ने शिक्षण संस्थान बंद होने, परीक्षाओं के स्थगित होने, आगामी प्रवेश परीक्षा और परिणाम संबंधित समस्याओं को देखते हुए शिक्षक समुदाय से अपील की है कि वे अपने सुझाव ऑनलाइन, सोशल मीडिया या ईमेल से एबीवीपी को भेजें, ताकि इन पर काम कर विद्यार्थियों की समस्या का समाधान हो सके।