दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर व कॉलेज परिसरों में होली खेलना छात्रों का मंहगा पड़ सकता है। यदि कोई होली के नाम पर हुड़दंग करता पाया जाता है तो उस पर एंटी रैगिंग, छेड़छाड़ व यौन उत्पीड़न के नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने वहीं होली के हुड़दंग से निपटने के लिए उत्तरी व दक्षिणी परिसर में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए हैं।
डीयू प्रशासन की ओर से मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि प्रशासन ने कैंपस में होली खेलने पर पाबंदी लगाई है। पानी के गुब्बारे व पिचकारी से छात्र होली नहीं खेल सकते हैं। हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने होली को लेकर खास दिशा-निर्देश भी कॉलेजों व हॉस्टलों के लिए जारी किए हैं। प्रशासन के अनुसार दिल्ली पुलिस, डीटीसी व मेट्रो रेल से भी सहयोग मांगा गया है।
कॉलेजों के प्रिंसिपल, हॉस्टल के प्रोवोस्ट व वॉर्डन को निर्देशित किया गया है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को बिना पहचान पत्र के प्रवेश ना दिए जाए। कॉलेजों में छात्र वालंटियर्स को भी नियुक्त करने के लिए कहा गया है। यदि किसी को शिकायत करनी है तो वह प्रॉक्टर कार्यालय व हेल्पलाइन नंबर पर कर सकते हैं। कॉलेजों व हॉस्टलों को पहले ही होली पोस्टर जारी किए जा चुके हैं। पुलिस को भी कॉलेज व हॉस्टल के बाहर पेट्रोलिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है। कैंपस के आसपास डीटीसी बस में हुड़दंग होने पर बस ड्राइवर को पास के थाने में बस ले जाने के लिए कहा गया है।