यूजी-पीजी के 2,28,781 छात्रों ने दी परीक्षा, पहली बार इतने बड़े पैमाने पर हुआ आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने एक दिन में 904 पेपरों की परीक्षा आयोजित कर एक रिकॉर्ड बनाया है। डीयू के इतिहास में पहली बार है जब एक ही दिन में इतने पेपरों की परीक्षा एक साथ आयोजित की गई। अब तक कभी भी एक दिन में तीन सौ से अधिक पेपरों की परीक्षा नहीं हुई है। बीते सप्ताह लॉजिस्टिक समस्या के कारण केंद्रों पर प्रश्न पत्र नहीं पहुंच सके थे। इससे सबक लेते हुए परीक्षा शाखा ने बुधवार को 2,28,781 छात्रों की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न करवाई।
डीयू में 10 दिसंबर से यूजी-पीजी सेमेस्टर परीक्षा की शुरूआत हुई है। इसी कड़ी में बुधवार को यूजी-पीजी की दो पालियों में हुई परीक्षा में 2,28,781 परीक्षार्थी बैठे। डीयू परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा ने बताया कि इतने बड़े पैमाने पर पहली पर एक दिन में परीक्षा का आयोजन किया गया। किसी भी सेंटर से किसी प्रकार की दिक्कत व तकनीकी परेशानी की सूचना नहीं मिली। सभी परीक्षा केंद्रों पर सभी परीक्षाएं निर्धारित समय पर शुरु हुई। रिकॉर्ड 904 पेपरों की परीक्षा के लिए प्रशासन ने पहले ही केंद्रों पर इंतजाम कर लिए थे। प्रश्न पत्र भी समय से पहुंचे और अन्य व्यवस्थाएं भी सुचारू रही।
प्रो. टुटेजा ने बताया कि परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड ने केंद्रों का भ्रमण किया। छात्रों ने भी पूरी व्यवस्था को पहले से और बेहतर बताया। 17 दिसंबर को दिसंबर-जनवरी की नियमित, स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) व नॉन कॉलिजिएयेट वीमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीडब्लयूईबी) की परीक्षाएं हुईं। परीक्षा शाखा से प्राप्त डेटा के अनुसार कुल 2,28,781 छात्रों ने परीक्षा दी। सुबह की पाली में कुल 1, 52, 476 छात्र परीक्षा में बैठे, जिसमें से नियमित कॉलेजों के स्नातक स्तर के छात्र 1,08,122 रहे जबकि एसओएल के स्नातक छात्रों की संख्या 43,467 और पीजी छात्रों की संख्या 887 रही।
वहीं, दोपहर की पाली में कुल 76, 305 छात्रों ने परीक्षा दी, जिसमें नियमित कॉलेजों के यूजी छात्रों की संख्या 53,244 व एसओएल के यूजी छात्रों की संख्या 21,946 व पीजी के छात्रों की संख्या 1,115 रही। इस तरह से डीयू ने दोनों पालियों को मिलाकर कुल 1,61,366 यूजी और एसओएल के यूजी-पीजी मिलाकर 67,415 छात्रों के लिए परीक्षा की व्यवस्था की। प्रश्न पत्र की संख्या को देखें तो सुबह की पाली के लिए कुल 795 प्रश्नपत्र तैयार किए गए इनमें से नियमित और एनसीईडब्लयू के छात्रों के लिए 775 और 20 एसओएल के छात्रों के लिए थे। दोपहर की पाली में प्रश्न पत्रों की संख्या 109 रही, जिसमें से 102 नियमित कॉलेजों व एनसीईडब्लयू यूजी और सात एसओएल के रहे। इस तरह से एक दिन में 904 प्रश्न पत्रों के साथ परीक्षा संपन्न हुई।
बीते शनिवार को हुई दिक्कत के बाद डीयू ने पहले ही परीक्षा के सुचारू रूप से संचालन के लिए कदम उठा चुका है। इसमें प्रश्न पत्र भेजने के लिए गाड़ियों की संख्या को बढ़ाया गया। प्रश्न पत्रों को काउंटर चेक किया जा रहा है जिससे कि यह पता चल सके कि सही प्रश्न पत्र ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। परीक्षा शाखा की टीमों की संख्या को भी बढ़ाया गया है जिससे कि समस्या पर उसे तुरंत ठीक किया जा सके।