डीटीसी बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। डीटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन लांच की है। ‘डीटीसी मोबाइल ऐप’ नामक इस एप्लीकेशन के जरिये यात्री अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, उन्हें डीटीसी के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने बुधवार को इस एप्लीकेशन की शुरुआत की।
यह कार्यक्रम डीटीसी मुख्यालय में आयोजित किया गया। इस मौके पर मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि इस ऐप के जरिये डीटीसी तक पहुंचने वाली यात्रियों की शिकायतों को तुरंत हल किया जा सकेगा। इसके साथ ही यात्रियों के सुविधाओं संबंधी सुझावों पर तत्काल ध्यान दिया जाएगा।
डीटीसी बसों के यात्रियों को अब तक निगम के केंद्रीय नियंत्रित कक्ष या दिल्ली सरकार के पीजीएमएस पोर्टल पर अपनी शिकायतों को टेलीफोन के जरिये दर्ज कराना पड़ता है, इसलिए यात्रियों एवं निगम के बीच पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से इस ऐप्लीकेशन को तैयार किया गया है।
इस एप्लीकेशन के जरिये जब यात्री अपनी शिकायत दर्ज करेगा, तो उसका अलर्ट संबंधित डिपो प्रबंधक के पास पहुंचेगा, जिसके बाद यात्री की समस्या का समाधान किया जाएगा। गहलोत ने कहा कि भविष्य में इस एप्लीकेशन को और प्रभावी व कारगर बनाने के लिए इसमें बस रूटों की जानकारी समेत अन्य सूचनाएं जोड़ी जाएंगी।