आनंद विहार बस अड्डे के सामने रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो बसों के बीच फंसकर डीटीसी बस चालक शिव कुमार (33) की मौत हो गई। सड़क पर बस का शीशा साफ करने के दौरान डग्गामार बस ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद आरोपी चालक ने भागने का प्रयास किया। लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान बक्सर, हापुड़ निवासी इदरीस (55) के रूप में हुई है। डग्गामार बस को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक शिव कुमार परिवार के साथ गांव मावी कलां, बागपत (यूपी) में रहता था। वह डीटीसी में चालक था। फिलहाल उसकी तैनाती आनंद विहार बस डिपो में थी। रविवार सुबह करीब 10.15 बजे वह परिचालक सचिन तोमर के साथ गुरुग्राम के लिए आनंद विहार बस अड्डे से बस लेकर निकला।
इस बीच बस अड्डे के बाहर आकर शिव कुमार बस का साइड का शीशा साफ करने लगा। मेन रोड पर ट्रैफिक अधिक था। इसी दौरान साइड से आई एक अवैध बस (डग्गामार) ने शिव कुमार को दोनों बसों के बीच रगड़ दिया।
शिवकुमार दोनों बसों के बीच पिस गया। गंभीर हालत में शिव को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शिव कुमार का शव परिवार को सौंप दिया है।