घायलों को नजदीकी होली फैमिली और फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद चालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ऑटो चालक का शव कब्जे में लेकर एम्स मोर्चरी भेज दिया है। मृतक की पहचान शान मोहम्मद के रूप में हुई है। परिवार में पत्नी के अलावा दो साल की एक बेटी है। शान मोहम्मद मूल रूप से फर्रुखाबाद यूपी के रहने वाले थे। दिल्ली के गढ़ी गांव में रहते थे और ऑटो चलाते थे।
दक्षिण-पूव जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि हादसा बुधवार शाम करीब 4.45 बजे मसीगढ़ लाल बत्ती पर हुआ। रूट संख्या-534 (महरौली से आनंद विहार) की बस महरौली से आनंद विहार की ओर जा रही थी। इस बीच मोदी मिल फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय बस को बाईं ओर मुड़ना था। लेकिन बस बाईं ओर न मुडकर लाल बत्ती पर खड़े वाहनों को रौंदती चली गई।
बस की चपेट में एक ऑटो, दो स्कूटी, एक वैगनआर कैब व एक कार आ गए। हादसे में कैब चालक अल्ताफ, स्कूटी सवार सगीर, होली फैमिली अस्पताल के डॉक्टर सज्जाद-उल-इस्लाम, कलीमुद्दीन और तहसीन नामक लोग जख्मी हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि स्कूटी सवार सगीर की टांग कटकर अलग गई। वह परिवार के साथ जैतपुर खड्डा कॉलोनी में रहता है। वह स्कूटी पर कपडे बेचता है। वहीं आरोपी बस ड्राइवर की पहचान 35 वर्षीय नीरज कुमार के तौर पर हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।